पलामू पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। सदर थानाक्षेत्र के खनवा में पुलिस ने एक बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बड़कागांव निवासी सोनू कुमार बैठा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से एक स्प्लेंडर प्रो बाइक बरामद की। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर तीन और बाइक बरामद की गईं। इनमें से एक बाइक पटना के दीघा घाट से छठ पूजा के दौरान चोरी की गई थी। एक अन्य बाइक शहर के बेलवाटिका से चुराई गई थी। तीन चोरी की बाइक बेच दी गई थीं सदर थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में सोनू कुमार बैठा और पंकज कुमार रजक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पूछताछ में सोनू ने खुलासा किया कि चोरी की बाइक पांकी के तेतराई निवासी पंकज कुमार रजक उसे देता था। जांच में पता चला है कि तीन चोरी की बाइक बेच दी गई थीं। दो बाइक के मालिकों की पहचान हो गई है। शेष दो के बारे में जांच जारी है। फिलहाल पंकज कुमार काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट होगा कि वह मोटरसाइकिल कहां से लाता था।


