भास्कर न्यूज | कवर्धा जिले के सभी पटवारी आने वाले दिनों में फिर से हड़ताल में जा सकते है। क्योंकि, इनके एक पटवारी साथी को सस्पेंड किए जाने के बाद बहाल नहीं किया गया है। राजस्व पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष गेंदूराम मरावी ने बताया कि बीते माह नवंबर में सहसपुर लोहारा तहसील क्षेत्र के ग्राम कुरुवा पटवारी राजेश शर्मा को सस्पेंड किया गया था। तब पटवारी संघ ने 28 नवंबर तक हड़ताल किया। हमारी मांग थी कि पटवारी की जल्द बहाली हो। इसे लेकर कलेक्टर गोपाल वर्मा ने आश्वासन दिया था। आज करीब 17 दिन से ज्यादा बीत जाने के बाद पटवारी की बहाली नहीं हो सकी है। यही कारण है कि 20 दिसंबर को कवर्धा शहर के कर्मचारी भवन में बैठक होगी। बैठक में इसी विषय को लेकर चर्चा होगी व फिर से हड़ताल में जाने का निर्णय लिया जा सकता है। इसके अलावा बैठक में विभिन्न समस्या, मांग, सदस्यता, पंजी संधारण, सदस्यता शुल्क, पटवारियों के लंबित समयमान वेतनमान को लेकर चर्चा होगी। बैठक मे प्रांतीय सचिव, प्रांतीय महामंत्री, प्रदेश प्रचार मंत्री,सभागीय पदाधिकारी, जिला कार्यकारिणी उपस्थित रहेंगे। जिले के सभी पटवारी को इस बैठक में शामिल होने कहा गया है।


