साइकिल योजना का उद्देश्य शिक्षा से जोड़ना है: रामकुमार

भास्कर न्यूज | कवर्धा दुर्गावती चौक स्थित आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में सरस्वती साइकिल योजना के तहत अध्ययनरत छात्राओं को साइकिल का वितरण किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सभापति जिला पंचायत रामकुमार भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को साइकिल वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004-05 में तत्कालीन भाजपा सरकार द्वारा बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरस्वती साइकिल योजना की शुरुआत की गई थी। इस योजना का उद्देश्य बेटियों को शिक्षा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। तब से लेकर आज तक निरंतर छात्राओं को साइकिल का वितरण किया जा रहा है, जिससे विद्यालय तक पहुंच आसान हुई है और स्कूल छोड़ने की दर में कमी आई है। उन्होंने वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में जिले में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की भी जानकारी दी। बताया कि जिले में मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, कृषि महाविद्यालय सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना से विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिल रहा है। आयोजन में प्राचार्य अशोक गुप्ता सहित शिक्षक, जनप्रतिनिधि व नागरिक उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *