भरतपुर में सोमवार को जिला पटवार संघ ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर रैली निकाली और धरना प्रदर्शन किया। रैली निकालने के बाद कलेक्टर को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। पटवारियों का कहना है कि कई बार बैठक कर हमारी मांगों को लेकर आश्वासन दिया गया, लेकिन हमारी मांगे अभी तक पूरी नहीं की गई। पटवार संघ के जिला अध्यक्ष राघवन सिंह ने बताया की 13 जनवरी से पटवारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। 1 जनवरी से हमें गिरदावरी का बहिष्कार कर रखा है। आज पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालय पर रैली और धरना प्रदर्शन का कार्यक्रम है। आज करीब 300 पटवारियों द्वारा रैली निकाली गई है। साथ ही मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया। इसके बाद राज्य सरकार के नाम कलेक्टर को ज्ञापन देंगे। अगर राज्य सरकार अभी भी हमारी मांगों को नहीं मानती तो आंदोलन किया जाएगा। पटवारियों ने बताया की उनकी मुख्य मांगों में पटवारी पद को तकनीकी पद घोषित करते हुए ग्रेड पे 3600 (एल-10) किया जाए। गिरदावरी ऐप में पटवार संघ के ज्ञापन के अनुसार अपेक्षित आवश्यक संशोधन करवाया जाए। 1035 पटवार मंडल और भानोत कमेटी में वित्तीय स्वीकृति से शेष पटवार मंडल, भू अभिलेख निरीक्षक वृत्त की वित्तीय स्वीकृति बजट घोषणा संख्या 177 वर्ष 2023-24 के अन्तर्गत 1035 नवीन पटवार मंडलों की घोषणा की गई थी, किन्तु आज तक पटवार मंडलों की और भानोत कमेटी में वित्तीय स्वीकृति से शेष पटवार मंडल और भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त की वित्तीय स्वीकृति जारी नहीं की गई है। जिसकी स्वीकृति जारी की जाए। 752 नव सृजित भू-अभिलेख निरीक्षक पदों के निर्धारण संबंधित पत्रावली विगत 1 वर्ष से लंबित है। जिसका निस्तारण किया जाए। भू-अभिलेख निरीक्षक से नायब तहसीलदार में पदोन्नति कोटा बढ़ाया जाने वाली पत्रावली विगत 2 वर्ष से लम्बित है। तहसीलदार पद पर मंत्रालयिक संवर्ग के कोटे का पुनर्निर्धारण किये जाने वाली पत्रावली विगत 2 वर्ष से लंबित है। इन पर जल्द कार्यवाही की जाए।


