पटेल चौक में पलटा टिप्पर:घने कोहरे के कारण पटेल चौक में 2 टिप्पर टकराए

भास्कर न्यूज | जालंधर घने कोहरे का असर अब सड़क हादसों के रूप में सामने आने लगा है। रविवार तड़के पटेल चौक के पास जीरो विजिबिलिटी के चलते दो टिप्परों के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा थाना डिवीजन नंबर-2 के ठीक सामने हुआ, जहां टक्कर के बाद एक भारी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना सुबह करीब 5 बजे हुई, जब पूरा इलाका घने कोहरे की चादर में लिपटा हुआ था। एक टिप्पर पटेल चौक की ओर से आ रहा था, जबकि दूसरा टिप्पर मुड़ रहा था। कम विजिबिलिटी के कारण दोनों वाहन चालक एक-दूसरे को देख नहीं सके और जोरदार टक्कर हो गई। गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और पुलिस की तत्परता से दोनों चालकों को सुरक्षित बाहर निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक चालकों को मामूली चोटें आई थीं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। बीच सड़क पर टिप्पर पलटने से कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित रहा। थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान वाहन धीमी गति से चलाएं, फॉग लाइट्स का प्रयोग करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *