जमशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स में बायो-सीएनजी प्लांट का काम बंद, निगम ने अतिक्रमण पर नोटिस भी लगाए

भास्कर न्यूज | जालंधर जमशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स में प्रस्तावित बायो-सीएनजी प्लांट का निर्माण कार्य रविवार को बंद मिला। मौके पर एजेंसी की ओर से खाली प्लॉट में गोबर के ढेर हटाने के लिए जेसीबी मशीन लगाई गई थी। नगर निगम की योजना है कि इस खाली जमीन पर चारा मंडी को शिफ्ट किया जाए। इसे लेकर आज होने वाली बैठक में चारा मंडी के नए स्थान को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसी बीच निगम ने बायो-गैस प्लांट की जमीन पर अतिक्रमण कर लगाए गए आठ खोखों पर नोटिस लगा दिए हैं। निगम ने नोटिस जारी करते हुए 31 दिसंबर तक इन्हें हटाने के निर्देश दिए हैं। तय समय तक खोखों को न हटाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जमशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स में 600 से अधिक डेयरियां संचालित हैं। यहां कई डेयरी संचालक पशुओं का गोबर ड्रेन में गिरा देते हैं। एनजीटी के सख्त आदेश हैं कि बिना ट्रीट किया हुआ पानी ड्रेन में नहीं छोड़ा जाए। एनजीटी की सख्ती के बाद निगम ने जमशेर में ईटीपी प्लांट का निर्माण कराया था और इसके साथ ही बायो-गैस प्लांट बनाने की योजना थी। हालांकि बायो-गैस प्लांट को लेकर काफी समय से स्थानीय लोगों और डेयरी संचालकों का विरोध चल रहा है, जिस कारण इसका निर्माण कार्य बीच में ही अटका हुआ है। शनिवार को जब बायो-गैस प्लांट की नींव का काम शुरू हुआ, तो गांव के लोगों और डेयरी संचालकों ने इसका विरोध कर दिया। विरोध के चलते रविवार को नींव का काम पूरी तरह बंद रहा। रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे खाली प्लॉट में गोबर की सफाई के लिए जेसीबी लगाई गई। मौके पर मौजूद हरी सिंह ने बताया कि निगम बायो-गैस प्लांट का निर्माण कर रहा है, जबकि इस प्लांट की दीवार सीधे गांव से सटी हुई है। ऐसे में प्लांट बनने से गांव में बीमारी फैलने का खतरा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि यहां पहले से ही 600 से अधिक डेयरियां हैं और यदि प्लांट बना तो सुबह-सुबह गोबर ढोने के लिए वाहन चलेंगे, जिससे लोगों को काफी परेशानी होगी। लोग बोले – बायोगैस प्लांट पर सुबह में डेयरियों से गोबर कौन लेकर आएगा, यहां काम कर रहे लोग डेयरी में काम करेंगे या प्लांट पर गोबर छोड़ने जाएंगे। निर्माण कार्य बीच में ही अटका, विरोध के चलते रविवार को काम रहा ठप चारा मंडी के लिए सफाई शुरू बायो-गैस प्लांट को लेकर आज बैठक होगी। फिलहाल नगर निगम ने चारा मंडी के लिए प्रस्तावित स्थल पर सफाई का काम शुरू कर दिया है। -सौरभ संधू, एसडीओ

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *