पठानकोट-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाई-पॉइंट पुराना झाकोलाहड़ी रोड (कटारूचक गेट) के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में मलिकपुर के खस्सर मोहल्ला निवासी केवल कृष्ण की मौत हो गई। 40 वर्षीय केवल कृष्ण डिबकू धलोरिया निवासी अपनी बहन से मिलने पत्नी और बच्चों से साथ बाइक पर आया था। वापसी पर पत्नी को साइड पर खड़ा कर सामान लेने चला गया और रास्ते में ही उसे सफेद रंग के कैंपर ने टक्कर मार दी। पत्नी की आंखों के सामने हुए इस भीषण हादसे में केवल कृष्ण के सिर में गहरी चोटें आईं। घायलावस्था में केवल को सड़क सुरक्षा फोर्स ने हरसेवक अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। थाना सदर पठानकोट पुलिस ने मृतक की पत्नी सपना देवी के बयानों के आधार पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ BNS की धारा 106(1) व 281 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। केवल कृष्ण लेबर का काम करता था और दिहाड़ी लगाकर परिवार का पेट पालता था। घर से लौट रहे थे पति-पत्नी, सामान लेने गया था केवल कृष्ण पुलिस में दर्ज करवाए बयान में केवल कृष्ण की पत्नी सपना देवी (33) ने बताया कि उसकी शादी केवल कृष्ण के साथ करीब 15 साल पहले हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। 12 वर्ष की बड़ी बेटी और 6 वर्ष का छोटा बेटा। सपना ने बताया कि वो अपने पति पति केवल कृष्ण के साथ डिबकू धलोरिया में अपनी ननद सोमा देवी से मिलने गए थे। वापसी के दौरान केवल कृष्ण ने अपनी पत्नी को कटारूचक गेट पर रुककर इंतजार करने को कहा और खुद कुछ सामान लेने के लिए झाकोलाहड़ी की तरफ चले गए। पत्नी के सामने आया काल: सफ़ेद रंग की कैंपर ने मारी टक्कर सपना ने पुलिस को बताया कि आज दोपहर लगभग 3:45 बजे जब केवल कृष्ण सामान लेकर वापस सड़क पर अपनी पत्नी की ओर आ रहे थे, तभी पठानकोट दिशा से एक सफ़ेद रंग की कैंपर टाइप गाड़ी बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से आई। कैंपर चालक ने केवल कृष्ण को सीधी जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। SSF टीम ने अस्पताल पहुंचाया, इलाज के दौरान मौत घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों की सूचना पर सड़क सुरक्षा बल (SSF) के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। SSF टीम ने गाड़ी का प्रबंध कर गंभीर रूप से घायल केवल कृष्ण को इलाज के लिए हरसेवक अस्पताल, कोटली में दाखिल करवाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। दर्ज हुए बयान, पुलिस जांच शुरू 30 जुलाई को मृतक की पत्नी सपना देवी ने अपने मोहल्ले के एमसी हरप्रीत सिंह के साथ थाना सदर पठानकोट पहुंचकर अपने बयान दर्ज करवाए। हेड कांस्टेबल मंदीप कुमार ने बयानों की तस्दीक करने के बाद अज्ञात कैंपर चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत) और 281 (सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाना) के तहत FIR दर्ज कर ली है। पुलिस की टीम घटनास्थल का मुआयना कर आसपास के CCTV कैमरों और चश्मदीदों के आधार पर अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुट गई है।


