लुधियाना| गोपाल नगर इलाके में एक पड़ोसी युवक द्वारा नाबालिग लड़की को जबरन अपने घर में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, आरोपी युवक ने नाबालिग को मंगलवार सुबह बहला-फुसलाकर अपने घर में बुलाया। और उसे शाम तक बंधक बनाए रखा। जब काफी देर तक नाबालिग घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शक होने पर जब पड़ोसी का दरवाजा खटखटाया, तो आरोपी ने गेट नहीं खोला। मोहल्ले के लोग भी वहां जुटे, लेकिन आरोपी ने गेट नहीं खोला। स्थिति बिगड़ती देख तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पीसीआर की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा खुलवाया और नाबालिग को छुड़ाया। पुलिस ने तुरंत नाबालिग को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा है।


