भास्कर न्यूज| रायगढ़ सोमवार देर रात पुसौर में वार्ड नंबर 8 में गायत्री मंदिर के नजदीक एक घर में घुसकर मां-बेटी की हत्या कर दी गई थी। मंगलवार को निर्माणाधीन पीएम आवास में चटाई और कपड़े में लपेटे और ईंट से ढके दो शव मिले थे। बुधवार को पुलिस डबल मर्डर के आरोपी तक पहुंच गई है। जानकारी के मुताबिक हत्या का आरोपी पड़ोसी युवक है। हालांकि पुलिस गुरुवार को खुलासा करने की बात कह रही है।आरोपी के युवती पुष्पा से प्रेम संबंध था। युवती खर्च के लिए रुपए लेती थी। वारदात से पहले युवती ने ज्यादा रुपए मांगे थे। इसलिए गुस्से में युवक ने बैट से उसके सिर पर हमला कर हत्या कर दी। शोर सुनकर युवती की मां की नींद टूटी तो युवक ने उसे भी मार दिया। वारदात के बाद आरोपी रायपुर के लिए निकला। परिजन के बयान, मृत युवती की फोन कॉल डिटेल, समेत सीसीटीवी फुटेज, आसपास के लोगों की गतिविधियां देखकर पुलिस आरोपी तक पहुंची। मंगलवार सुबह दोहरे हत्याकांड से पुसौर में सनसनी फैल गई थी। 13-14 जनवरी की रात रायगढ़ के हटरी में बुजुर्ग भाई-बहनों की हत्या हुई थी। 14-15 अप्रैल की रात पुसौर में मां बेटी की हत्या की खबर सुनकर लोग सहम गए। आईजी बिलासपुर संजीव शुक्ला, एसपी दिव्यांग पटेल, सीएसपी आकाश शुक्ला समेत तमाम पुलिस अफसर पुसौर पुलिस के साथ तफ्तीश में जुटे रहे। जब हत्या हुई तो छोटी बेटी डांस ग्रुप के साथ परफार्मेंस के लिए पुसौर से बाहर थी। सुबह लौटने पर पहले खून के धब्बे देखे और फिर पुलिस ने आधा घंटे के भीतर ही मृतका उर्मिला (45) और उसकी बेटी पुष्पा संवरा (23) के शव ढूंढे। पुलिस ने शव छिपाने के तरीके से पहले ही बताया था कि हत्या किसी पेशेवर नहीं बल्कि आम शख्स ने क्षणिक गुस्से या रंजिश के कारण कर दी होगी। खर्च और शौक के लिए रुपए मांगती थी पुष्पा पुष्पा का पड़ोस के एक युवक से प्रेम संबंध था। पुष्पा के पिता का निधन कुछ साल पहले हो चुका था। पुष्पा खर्च और शौक के लिए रुपए इस युवक से मांगती थी। इधर युवक इस खर्च से परेशान था। सोमवार रात को पुष्पा ने युवक को बुलाया था। दोनों के बीच रुपयों को लेकर विवाद हुआ। गुस्साए युवक ने पुष्पा के सिर पर बैट से वार किया। वह बेसुध हो कर गिर पड़ी और उसने दम तोड़ दिया। शोर सुनकर पुष्पा की मां उर्मिला की भी नींद खुली। पोल खुलने और पकड़े जाने के डर से उसने उर्मिला की भी हत्या कर दी।


