भास्कर न्यूज| रायगढ़ जिले में बढ़ते नशे और तस्करी रोकने के लिए कलेक्टर और एसपी के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार को शहर के ट्रांसपोर्ट गोदामों में जांच की। एक्सप्रेस ट्रांसपोर्ट, गोल्डन नागपुर ट्रांसपोर्ट, मां संतोषी कूरियर ट्रांसपोर्ट और वीआरएल लॉजिस्टिक के दफ्तरों और गोदामों में दवाओं के बिल और इनवॉइस की जांच हुई। टीम ने नारकोटिक और नकली दवाएं ढूंढीं। सीसीटीवी कैमरे और कर्मचारियों के पहचान पत्र भी देखे गए। ड्रग इंस्पेक्टर अमित राठौर ने बताया कि विभाग हर महीने थोक विक्रेताओं से रिकॉर्ड लेता है और सत्यापित करता है। सभी खुदरा विक्रेताओं को नारकोटिक दवाओं के बिल और प्रिस्क्रिप्शन की कॉपी रखने के लिए कहा गया है। बिना डॉक्टर के पर्चे के ऐसी दवाएं न बेचने के निर्देश दिए गए हैं।


