भास्कर न्यूज| कोटा मकर संक्रांति पर मंगलवार को शहर में दिनभर दान-पुण्य, धार्मिक आयोजनों का दौर जारी रहा। पतंगों से िदनभर आसमान अटा नजर आया। लोग सुबह से ही छतों पर पतंग उड़ाने में व्यस्त नजर आए। डीजे की धुन पर युवा, युवतियां थिरकते रहे। तिल, गुड़ के लड्डू दान किए। गायों को चारा, गुड़ खिलाया। जरूरतमंदों को कपड़े, गुड़, तिल्ली के लड्डू बांटे। शहर में जगह-जगह भंडारे हुए। मंदिरों में आकर्षक सजावट की गई। गोदावरी धाम पर बालाजी का विशेष शृंगार हुआ। शाम को सुंदरकांड हुआ। मथुराधीश, फूलबिहारी, दाऊजी, राधाकृष्ण मंदिर पर विशेष शृंगार हुआ। दर्शन के लिए जहां भीड़ लगी रही। बांकेबिहारी मंदिर में दोपहर 1 बजे राजभोग आरती हुई। भक्तों को तिल के लड्डू का प्रसाद बांटा। ठाकुरजी को नई पोशाक धारण करवाई। बिहारीजी के दरबार को पतंगों से सजाया।


