भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में महिला समता मंच ने रविवार को बालक हाई स्कूल ग्राउंड में पतंग उड़ाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया। नपाध्यक्ष प्रभा पटेल, प्रतिमा पटवा, इंद्रा सेंगर, डॉ. रश्मि सोनकर, डॉ. पूर्णिमा सिंह, समता मंच की अध्यक्ष रीता सेन, गीता अग्रवाल, गंगा ताम्रकार, मालिनी, मालती, डॉली व सुचित्रा दास सहित मंच की सभी सदस्य मंचासीन रहीं। नपाध्यक्ष पटेल ने कहा कि संक्रांति पर्व हमें प्रकृति से जुड़ने, शरीर को स्वस्थ्य रखने और समुदाय के साथ खुशियां बांटने का अवसर देता है। पतंग उड़ाना सिर्फ एक मनोरंजन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, संस्कृति और आध्यात्म का संगम है। रीता सेन ने कहा कि पतंग उड़ाओ प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों ने अपने शानदार कला प्रदर्शन से उपस्थित जनों को रोमांचित करने के साथ भरपूर मनोरंजन किया। मंच के द्वारा प्रतिवर्ष संक्रांति पर उक्त प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। आयोजन का उद्देश्य देश की संस्कृति और परंपरा को कायम रखते हुए बच्चों को परंपरागत खेलों से जोड़ना है। प्रतियोगिता में मोहम्मद सदफ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, रोहित द्वितीय व मोहम्मद अलीफ अंसारी तीसरे स्थान पर रहे।


