लोहरदगा में कुडू थाना से कुछ दूरी स्थित न्यू बस स्टैंड में मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे फिल्मी अंदाज में घटना हुई। एजेंट संतू पासवान को बाइक से आए दो अपराधियों दो तरफ से घेर लिया। एनामुल अंसारी उर्फ मंगरा ने फायर किया। लेकिन, संतू बैठ गया और पीछे खड़े दूसरे बदमाश सुभाष जायसवाल उर्फ छोटू के सिर में गोली जा लगी। पुलिस गंभीर हालत में उसे रिम्स रांची ले गई। छोटू रांची में 13 लाख रुपए की लूट और फायरिंग मामले में आरोपी है। पंडरा में 30 दिसंबर को दिनदहाड़े लूट हुई थी। अपराधियों ने आटा कंपनी के कैशियर सुमित कुमार गुप्ता से रुपए लूट लिए थे। इस दौरान घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने एनामुल को खदेड़कर पकड़ा और जमकर पिटाई की। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया है। कुछ दिनों पहले एजेंट संतू पासवान के बड़े भाई की हत्या हो गई थी। संतू हत्या का गवाह है। इधर, दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना से आक्रोशित लोगों ने सुरक्षा की मांग पर रांची-कुडू सड़क को जाम कर दिया। दुकानें भी बंद कर दी गई। लोग एसपी को घटनास्थल पर बुलाने की मांग कर रहे थे। थाना प्रभारी अजीम अंसारी के आश्वासन पर दो घंटे बाद जाम हटा। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। संतू ने धमकी की सूचना नहीं दी थी : थानेदार थानेदार अजीम अंसारी ने बताया कि अपराधियों ने संतू को धमकी दी थी, इसकी सूचना पुलिस को नहीं है। सूचना होती तो अपराधियों पर कार्रवाई की जाती। एक अपराधी एनामुल को गिरफ्तार किया गया है। दूसरे अपराधी सुभाष जायसवाल पुलिस कस्टडी में रिम्स में भर्ती है। घटनास्थल से बाइक, दो पिस्टल, 7 गोलियां व 2 मोबाइल मिले हैं। संतू ने कहा- पिछले साल फरवरी में हुई थी बड़े भाई की हत्या, मैं कांड का गवाह संतू पासवान ने बताया कि पिछले साल फरवरी में मेरे बड़े भाई संतोष मांझी की हत्या कुडू बाजार में कर दी गई थी। हत्याकांड को लेकर लोहरदगा कोर्ट में गवाही चल रही है। इसी मामले में अपराधी एनामुल उर्फ मंगरा मुझे कई दिनों से जान मारने की धमकी दे रहा था। सुभाष जायसवाल उर्फ छोटू शूटर है। छोटू और एनामुल मेरे बड़े भाई की हत्या में शामिल थे। मंगलवार को वे मुझे मारने आए थे। सुबह 9 बजे बाइक से दोनों बस स्टैंड पहुंचे। दोनों एक ठेले के दो तरफ खड़े हो गए। अचानक सुभाष ने मुझ पर गोली चला दी। गोली दूसरी तरफ सुभाष को जा लगी।


