बड़वानी जिले राजपुर नगर के पंचायत बाड़ी क्षेत्र में शनिवार रात करीब 8 बजे पतंग काटने को लेकर दो पक्षों के बच्चों के बीच विवाद हो गया। यह विवाद मामूली था, लेकिन बाद में दोनों पक्ष रिपोर्ट लिखवाने थाने पहुंचे। एक पक्ष की रिपोर्ट दर्ज की गई, जिसमें दो भाइयों और एक अन्य के खिलाफ मामला कायम किया गया। इसके कुछ ही देर बाद नगर में तनाव की स्थिति बन गई। इसी दौरान अचानक दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। घटना के समय नगर में मेला लगा हुआ था, जिससे अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। पथराव में एक ट्रक, एक मारुति वैन और एक दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पतंग काटने से शुरू हुआ विवाद पथराव तक पहुंचा दरअसल, बताया गया कि हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बच्चे पतंग उड़ा रहे थे। इसी दौरान मुस्लिम पक्ष के बच्चे की पतंग कट गई, जिसको लेकर बच्चों में आपस में कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान हिंदू पक्ष के एक बच्चे के सिर में चोट लग गई। इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां हिंदू पक्ष की रिपोर्ट दर्ज की गई। रिपोर्ट दर्ज होने से मुस्लिम पक्ष में नाराजगी फैल गई। बाद में कुछ लोग हिंदू पक्ष से मुस्लिम मोहल्ले पहुंचे, जहां फिर से कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई। बड़वानी जिले के आसपास के थानों से थाना प्रभारियों सहित अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। एडिशनल एसपी धीरज बब्बर भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी। एडिशनल एसपी धीरज बब्बर ने बताया कि दो पक्षों के बीच हुए विवाद को पुलिस ने समय रहते शांत करा दिया है। फिलहाल, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियातन पुलिस बल तैनात रखा गया है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।


