पति ने गर्भवति पत्नी को थाने में लात मारी:धार में दो माह का भ्रूण गिरा, दहेज की मांग पर मारपीट करने का आरोप

धार महिला थाना परिसर में एक गंभीर घटना सामने आई है। काउंसलिंग के दौरान एक गर्भवती महिला के साथ उसके पति और ससुराल पक्ष ने मारपीट की। आरोप है कि पति ने महिला के पेट में लात मारी, जिससे उसे गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। परिजनों ने महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गर्भ में पल रहे दो माह के भ्रूण के गिरने की पुष्टि की। पीड़िता फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 22 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 02 जून 2025 को प्रतापगढ़ (राजस्थान) निवासी आशीष सोनी से हुआ था। विवाह में उसके माता-पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार जेवर, गृहस्थी का सामान और नकद राशि दी थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया और महिला को मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। पीड़िता के अनुसार, पति, सास-ससुर और ननद लगातार दहेज की मांग करते थे। पहले 5 लाख रुपए, फिर 10 लाख रुपए और एक SUV 700 गाड़ी लाने का दबाव बनाया गया। पीड़िता ने यह भी बताया कि उसका पति शराब का आदी है और नशे की हालत में उसके साथ मारपीट करता था तथा जान से मारने की धमकी देता था। दहेज न देने पर उसे दूसरी शादी करने की धमकी भी दी जाती थी। इस प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने 29 अक्टूबर 2025 को धार महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी सिलसिले में 16 दिसंबर को दोनों पक्षों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। बातचीत के बाद समझौते की बात बनी, लेकिन थाना परिसर से बाहर निकलते ही आरोपियों ने फिर दहेज की मांग करते हुए महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान पति ने गर्भवती महिला के पेट में लात मार दी। पुलिस ने पति आशीष सोनी सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। महिला थाना प्रभारी क्लीयर डामोर ने बताया कि महिला के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *