भास्कर न्यूज | नारायणपुर गढ़बंगाल की 38 वर्षीय महिला को उसके पति ने चाकू से गला रेतकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे परिजन उसे जिला अस्पताल नारायणपुर लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक थी। गले में गहरे घाव, श्वासनली कटने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला लगभग अचेत अवस्था में थी। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम डॉ. आदित्य केक्ति, डॉ. हिमांशु सिन्हा, डॉ. डीबी नाग, डॉ. एसएस देवदास और डॉ. उत्तम, नर्स राइमा तथा ओटी तकनीशियन लिंगा और घनश्याम तत्काल सक्रिय हो गए। मरीज को बिना देरी ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट किया गया। जांच में पता चला कि गले की कई महत्वपूर्ण संरचनाएं क्षतिग्रस्त थीं, जिससे सांस लेने का मार्ग अवरुद्ध हो रहा था और रक्तचाप तेजी से गिर रहा था। टीम ने तेज़ी से ट्यूब डालकर श्वास मार्ग सुरक्षित किया और क्षतिग्रस्त ऊतकों की मरम्मत करते हुए रक्तस्राव नियंत्रित किया। वर्तमान में मरीज आईसीयू में है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। बेहतर रिकवरी के लिए आगे की जांच के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है। जिला अस्पताल के डॉ. विनोद भोयर ने टीम की सराहना की। वहीं परिजनों ने डॉक्टरों की टीम के प्रति आभार जताया है।


