छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में रविवार तड़के मामूली कहासुनी के बाद गुस्से में एक शख्स ने अपने ही घर को आग के हवाले कर दिया और मौके से फरार हो गया। हादसे के वक्त घर में मौजूद पत्नी और बच्चे किसी तरह समय रहते बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह 5 बजे हुआ हादसा यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 की है। जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे की है। पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई जो धीरे-धीरे उग्र हो गई। विवाद इस कदर बढ़ गया कि पति ने गुस्से में आकर घर में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। नकदी और घरेलू सामान जलकर राख हालांकि, घर में मौजूद महिला और बच्चे किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब हो गए, लेकिन घर में रखा कीमती सामान, नकदी, कपड़े और जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए। आरोपी पति अब तक फरार घटना के बाद से आरोपी पति फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। कोतवाली थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगजनी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।


