कोटमी में गांजा बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़:किराना दुकान की आड़ में मां-बेटी समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, 10 साल से कर रहे थे अवैध धंधा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कोटमी चौकी क्षेत्र के पथर्रा गांव में एक किराना दुकान की आड़ में चल रहे गांजा के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस अधीक्षक सुरजन राम भगत के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी सीमा गुप्ता, उसकी बेटी रेणु गुप्ता, बेटा हिमांशु गुप्ता और सहयोगी अथर गिरी उर्फ अजय को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से गांजा और बिक्री से प्राप्त नकदी बरामद की गई है। जांच में पता चला है कि सीमा गुप्ता पिछले 10 वर्षों से गांव में अवैध कब्जा करके रह रही थी। उसके खिलाफ पहले भी अवैध शराब तस्करी और हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं। पेंड्रा थाने में आबकारी एक्ट का भी एक मामला दर्ज है। ग्रामीणों के अनुसार, सीमा गुप्ता और उसका परिवार अवैध गतिविधियों से गांव में दहशत फैला रहे थे। गांजा बिक्री से कमाए पैसों से उन्होंने पक्का मकान और महंगी मोटरसाइकिल खरीदी है। पूछताछ में सामने आया कि गांजा की सप्लाई के लिए उसका बड़ा बेटा अविनाश गुप्ता, छोटा बेटा हिमांशु, भांजा अथर गिरी और सहयोगी महेंद्र गिरी नियमित रूप से आते-जाते थे। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही गिरोह के नेटवर्क की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में कोटमी चौकी प्रभारी अरविंद मिश्रा के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *