गुना| कैंट थाना क्षेत्र के ग्राम नेगमा में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद 18 वर्षीय नवविवाहिता द्वारा जहरीला पदार्थ खा लेने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम नेगमा निवासी शिवराज अहिरवार का विवाह तीन माह पूर्व हुआ था। आज सुबह किसी घरेलू बात पर शिवराज और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ, जो बढ़ते-बढ़ते झगड़े का रूप ले गया। इस दौरान शिवराज ने अपनी पत्नी को थप्पड़ मार दिया। इससे आहत होकर पत्नी ने गुस्से में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य तुरंत हरकत में आए और महिला को जिला चिकित्सालय ले जाया गया। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया और महिला के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के कारणों की पड़ताल कर रही है।


