भास्कर न्यूज | लुधियाना मान सिंह नगर इलाके में पत्नी के अवैध संबंधों से परेशान होकर युवक ने फंदा लगाकर जान दी। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने उसकी भाभी समेत तीन लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, 12 मई को इरफान (26) निवासी मोहल्ला मान सिंह नगर ने अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान 13 मई को पीजीआई में उसकी मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई मेहरबान निवासी गुलाबी बाग ने पुलिस को बताया कि 12 मई को उनकी भाभी गुलफसा का फोन आया था। उन्होंने बताया कि इरफान ने फंदा लगा लिया है। इसके बाद वह अपने पिता मोहम्मद सलीम, मकान मालिक और एक व्यक्ति लड्डू के साथ मौके पर पहुंचे और इरफान को अस्पताल पहुंचाया। मेहरबान ने आरोप लगाया कि उसकी भाभी गुलफसा के मकान मालिक सोनू के साथ अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर इरफान मानसिक रूप से परेशान रहता था। इसी तनाव के चलते उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। मामले में थाना डिवीजन-6 से जांच अधिकारी प्रीतपाल सिंह ने बताया कि मेहरबान की शिकायत के आधार पर आरोपी पत्नी गुलफसा, मकान मालिक सोनू और एक अन्य पर केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


