पत्नी के घर लौटने से इनकार किया तो फांसी लगाई:परिजनों ने झगड़े की आशंका जताई; बैतूल के खेड़ली बाजार में घटना

बैतूल के बोरदेही थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के ससुराल लौटने से इनकार करने पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना खेड़ली बाजार में हुई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय परसराम निवासी कनारी (थाना बीजादेही) के रूप में हुई है। वह बीते बुधवार, 5 जनवरी को अपने ससुराल खेड़ली बाजार आया था। जानकारी के अनुसार, परसराम ने अपनी पत्नी रुक्मणी को अपने साथ घर चलने के लिए कहा था। पत्नी ने बस न होने और ठंड का हवाला देते हुए जाने से मना कर दिया। अगले दिन सुबह उसने फिर पत्नी से चलने का आग्रह किया, लेकिन वह फिर भी नहीं मानी। इसके बाद दोपहर करीब चार बजे परसराम घर से कुछ दूर हाईस्कूल के पीछे गया और लगभग 25 फीट ऊंचे पेड़ पर अपने मफलर से फांसी लगा ली। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ होगा या परसराम पर किसी तरह का दबाव बनाया गया, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। 14 साल पहले हुई थी शादी
परिजनों ने यह भी बताया कि पत्नी अक्सर बिना बताए घर से चली जाती थी। परसराम और रुक्मणी की शादी 14 साल पहले हुई थी। उनके 12 साल की एक बेटी और 8 साल का एक बेटा है। परसराम अपने भाइयों में सबसे छोटा था और मछुआरा का काम करता था। रविवार शाम होने के कारण आमला में शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका। बाद में परिजनों ने वहीं पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। सोमवार को बैतूल जिला अस्पताल में डॉक्टरों की एक टीम ने शव परीक्षण किया और शव परिजनों को सौंप दिया। देर शाम होने के कारण अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा। बोरदेही थाना प्रभारी राधेश्याम वट्टी ने बताया कि शव पर किसी प्रकार के चोट या मारपीट के निशान नहीं मिले हैं, केवल गले पर फांसी का निशान पाया गया है। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। फिर भी, संदेह के आधार पर शव का बिसरा संरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *