गुना के सिरसी थाना अंतर्गत घटित सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक अपनी पत्नी को लेने ससुराल जा रहा था, इसी दौरान ये हादसा हुआ। ऑटो और उसकी बाइक की आमने सामने से भिड़ंत हो गई। जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। घटना गुरुवार रात की है, जब पुतली घांटी के पास सामने से आ रही आटो ने युवक की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल युवक को डायल 112 वाहन से पुलिस जिला अस्पताल लेकर पहुंची थी, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आज सुबह शव का पोस्टमार्टम किया गया। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बिलोदा निवासी 25 वर्षीय लालजीराम पुत्र दयाराम बारेला गुरुवार शाम को अपनी पत्नी को लेने ग्राम तारापुर ससुराल जाने के लिए निकला था। मृतक के चाचा भोलाराम बारेला ने बताया कि पुतली घांटी, फोरेस्ट चौकी के पास सामने से आ रही ऑटो ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी, इसके बाद ऑटो चालक मौके से भाग गया और लालजीराम वहां सड़क किनारे पड़ा रहा। इसके बाद डायल 112 वाहन से पुलिस जिला अस्पताल लेकर पहुंची थी, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक युवक खेती-किसानी का काम करता था और उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे बताए गए हैं। जिला अस्पताल में आज सुबह शव का पोस्टमार्टम किया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


