पत्नी को स्कूल छोड़ने गए युवक का अपहरण, VIDEO:बदमाशों ने बंदूक के जोर पर की वारदात, मारपीट कर चौराहे पर छोड़ा

बारां के अंता थाना क्षेत्र के पलसावा गांव में दिनदहाड़े एक युवक का अपहरण कर लिया गया। मंगलवार को पलसावा स्कूल परिसर में बदमाशों ने युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर बंदूक की नोंक पर उसे अगवा कर लिया। इस घटना से स्कूल के विद्यार्थियों में दहशत फैल गई। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, डाबरी काका जी निवासी अंकित मीणा अपनी पत्नी को स्कूल छोड़ने पलसावा गया था। जब वह पत्नी को छोड़कर वापस लौट रहा था, तभी स्कूल के बाहर गोलू शूटर और उसके साथी एक कार से पहुंचे। उन्होंने अंकित की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गिर गया। बाइक से गिरते ही बदमाशों ने अंकित पर हमला कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए अंकित स्कूल के भीतर भागा और एक क्लासरूम में छिप गया। हालांकि, बदमाश उसका पीछा करते हुए क्लासरूम में घुस गए। उन्होंने वहां अंकित के साथ जमकर मारपीट की और फिर बंदूक की नोंक पर उसे अगवा कर लिया। इस दौरान स्कूल में मौजूद विद्यार्थी सहम गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद बदमाश युवक को मारपीट कर बटावदा चौराहे पर छोड़कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल अंकित को बारां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। अंता थाना एएसआई घनश्याम नागर ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *