श्योपुर के कराहल क्षेत्र में शिक्षक रमाकांत पाठक की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मृतक की पत्नी भी शामिल है। घटना में उपयोग की कार भी जब्त कर ली है। कराहल थाना प्रभारी निरीक्षक यास्मीन खान ने अपनी टीम के साथ 31 दिसंबर 2025 को आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मनीष साकेत (24), सतनाम सिंह सरदार (37) और मृतक की पत्नी साधना शर्मा (37) शामिल हैं, जो एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं। यह मामला 27 दिसंबर 2025 को तब सामने आया जब कराहल घाटी के कसलह मोड़ के पास ढलान पर रमाकांत पाठक का शव मिला था। प्रारंभिक जांच में कराहल थाने में मर्ग क्रमांक 26/25 दर्ज किया गया था। डिजिटल साक्ष्यों और गहन पूछताछ के बाद आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद अपराध क्रमांक 217/25 दर्ज किया गया। ऐसे दिया घटना को अंजाम जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी साधना शर्मा ने अपने प्रेमी मनीष साकेत के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। इस योजना में मनीष ने अपने दोस्त सतनाम सिंह को भी शामिल किया। आरोपियों ने रमाकांत पाठक को घर से सेसईपुरा साथ ले जाने की बात कहकर कसलह घाटी से पहले जंगल में रमाकांत पाठक को बाथरूम करने के बहाने कार से उतारा और उसके सर पर पीछे से लाठी से हमला किया। फिर बेहोशी की हालत में घाटी से नीचे ले गए और उसका मुंह दबाया जब तक जान नहीं चली गई। इसके बाद दुर्घटना का रूप देने के लिए ठाकुर बाबा मंदिर के पास कराहल घाटी मोड़ पर शव को ढलान की ओर फेंक दिया। विवेचना के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार सहित अन्य भौतिक साक्ष्य जब्त किए गए हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक यास्मीन खांन, सउनि पवन शर्मा, सउनि बृजेश राजौरिया सहित पुलिस के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ये भी देखें श्योपुर में नॉनपुरा घाटी में सरकारी टीचर की लाश मिली:एक दिन पहले सेसईपुरा जाने का बोलकर घर से निकला था, परिजन ने जाम लगाया श्योपुर जिले के कराहल स्थित नाई मोहल्ला निवासी 49 साल के शिक्षक रमाकांत पाठक का शव शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में नॉनपुरा घाटी में मिला है। रमाकांत पाठक शुक्रवार सुबह लगभग 9:15 बजे अपने घर से निकले थे। उन्होंने अपनी पत्नी साधना पाठक को बताया था कि वे किसी काम से सेसईपुरा होकर जा रहे हैं और जल्द ही वापस लौट आएंगे। जब वे काफी देर तक घर नहीं लौटे, तो परिजन ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि नॉनपुरा घाटी में एक व्यक्ति का शव पड़ा है, जिसकी पहचान परिजन ने रमाकांत पाठक के रूप में की।पूरी खबर पढ़ें


