भास्कर न्यूज|गुमला दैनिक भास्कर गुमला के ब्यूरो प्रमुख अश्विनी कुमार दास के छोटे भाई अंजनी कुमार दास उर्फ पप्पू नहीं रहे। तबीयत बिगड़ने पर भरनो से सदर अस्पताल लाने के क्रम में रास्ते में उनकी मौत हो गई। वे कुछ दिनों से बीमार थे। देर शाम सदर अस्पताल से शव पैतृक आवास भरनो पहुंचा। शुक्रवार को गांव में ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंजनी की पहचान क्षेत्र में सामाजिक-धार्मिक कार्यकर्ता के रूप में रही है। जरूरतमंदों की मदद को तत्पर रहने वाले अंजनी की मौत से समाज का हर तबका हैरान-हतप्रद है। लोग सहसा यकीन नहीं कर पा रहे कि हर दिल अजीज अंजनी अब यादों में शेष रह गए हैं। शव गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोग जुटे और शोक जताया। इधर, गुमला के पत्रकारों व समाजसेवियों ने इस असमय निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की है और ईश्वर से शोकाकुल परिजनों को दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।


