भास्कर न्यूज | राजनांदगांव विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह रविवार को 10 एकड़ में निर्मित पत्रकार आवासीय परिसर के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन ने 3 करोड़ 79 लाख 91 हजार रुपए की लागत से पत्रकार आवासीय परिसर का लोकार्पण किया तथा परिसर में 49 लाख की लागत से पानी टंकी संपवेल एवं पाईप लाईन विस्तार कार्य के लिए भूमिपूजन किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन ने कहा कि संस्कारधानी राजनांदगांव का गौरवशाली इतिहास रहा है और आज उसी में क्रम एक नया नाम जुड़ रहा है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पत्रकार कॉलोनी में लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव संस्कारधानी से उन्हें बहुत सारी जिम्मेदारियां और ताकत मिली है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि राजनांदगांव के पत्रकारों की मेहनत, परिश्रम और एकजुटता से पत्रकार कॉलोनी का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के लिए राजनांदगांव के पत्रकारों की एकजुटता एक अच्छा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि उसका मकान होता है। 141 पत्रकारों को अपना आवास मिलेगा। पत्रकार गणतंत्र को पोषित, पल्लवित करने वाले कलम के जादूगर होते हंै। यहां रानी सूर्यमुखी देवी के नाम से आवासीय परिसर होगा। । विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने दो हाई मास्ट लाईट एवं एक सड़क के निर्माण कराने की बात कही। कार्यक्रम को वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी ने भी संबोधित किया। समाजसेवी बहादुर अली, अध्यक्ष पर्यटन मंडल नीलू शर्मा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, प्रदीप गांधी, कोमल सिंह राजपूत, सुरेश एच लाल, जितेन्द्र मुदलियार, प्रेस क्लब के संरक्षक जितेन्द्र मिश्रा, अशोक पाण्डेय, सुशील कोठारी आदि मौजूद रहे। सकारात्मकता से यह कार्य संभव हुआ: अग्रहरि प्रेस क्लब के अध्यक्ष सचिन अग्रहरि ने आवासीय परिसर के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय, समझ के साथ सकारात्मकता से यह कार्य संभव हो सका है। साहित्य, संस्कृति एवं कला की त्रिवेणी संस्कारधानी में एक नया अध्याय जुड़ा है। जहां सभी के सहयोग से कलम के पुजारियों को एक ही परिसर में अपने एवं अपने परिवार के लिए जीवन भर के सपने को साकार करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। प्रेस क्लब हाउसिंग सोसायटी के अध्यक्ष मिथलेश देवांगन ने कहा कि पत्रकार आवासीय परिसर लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम के अविस्मरणीय पलों के सभी साक्षी बने हैं।


