पन्ना नेशनल पार्क में सफारी का रोमांच दोगुना:CM ने 10 नई कैंटर बसों को हरी झंडी दिखाई, देर रात खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचे थे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार देर रात छतरपुर जिले के खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, वन मंत्री दिलीप अहिरवार, छतरपुर विधायक ललिता यादव, राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया, कमिश्नर अनिल सुचारी, डीआईजी विजय खत्री, कलेक्टर पार्थ जैसवाल और एसपी अगम जैन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री खजुराहो में विभागीय समीक्षा बैठक और कैबिनेट बैठक में शामिल होने पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देर रात को पन्ना नेशनल पार्क के मड़ला गेट से 10 नई कैंटर बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों के संचालन से मध्यप्रदेश में पर्यटन सुविधाओं को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। इन अत्याधुनिक बसों के शुरू होने से अब एक साथ 19 पर्यटक जंगल सफारी का आनंद ले सकेंगे। इनकी अधिक लंबाई और ऊंचाई पर्यटकों को जंगल और वन्यजीवों के बेहतर दृश्य प्रदान करेगी। ये बसें बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक मानी जा रही है। नई कैंटर बसों के संचालन से उन पर्यटकों को राहत मिलेगी जो ऑनलाइन बुकिंग न होने के कारण सफारी का अनुभव नहीं ले पाते थे। पहले ऑनलाइन स्लॉट भर जाने पर कई पर्यटकों को निराश लौटना पड़ता था। अब यह नई व्यवस्था उन्हें गेट पर ही सफारी बुक करने की सुविधा देगी। प्रति व्यक्ति प्रति राउंड लगभग 1150 से 1450 रुपए के शुल्क पर पर्यटक सफारी का अनुभव ले सकेंगे। मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा शुरू की गई ये 10 कैंटर बसें केवल पन्ना में ही नहीं, बल्कि प्रदेश के अन्य प्रमुख राष्ट्रीय उद्यानों जैसे बांधवगढ़, कान्हा, पेंच और परसिली (सीधी) में भी संचालित की जाएंगी। सरकार का मानना है कि इन कैंटरों के शुरू होने से प्रदेश में पर्यटकों का अनुभव बेहतर होगा और पर्यटन को नई गति मिलेगी। देखिए तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *