पन्ना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को जैतीपुरा क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जैतीपुरा क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। इस सूचना पर सलेहा थाना प्रभारी, उप निरीक्षक बलबीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तुरंत सगरा-जैतीपुरा रोड स्थित खदान के पास घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही संदिग्ध ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सलेहा पुलिस की मुस्तैदी के कारण वह सफल नहीं हो सका। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान आशीष कुमार सिंह गोड़ (उम्र 23 वर्ष, निवासी जैतीपुरा) के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसकी जींस की दाहिनी जेब से 315 बोर का देसी कट्टा और कोट की बाईं जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। जब्त किए गए अवैध हथियार की अनुमानित कीमत 3,200 रुपए बताई गई है।


