दक्षिण पन्ना वन विभाग ने सांभर के अवैध शिकार के मामले में एक आरोपी को पकड़ा है। देर रात की गई कार्रवाई में वन अमले ने राहुल बाल्मीकि को बिजली के तार से सांभर का शिकार करते हुए धर दबोचा। मौके से लगभग 10 किलोग्राम कच्चा मांस बरामद किया गया। गोपनीय सूचना पर हुई कार्रवाई दक्षिण पन्ना वनमंडल के डीएफओ अनुपम शर्मा ने बताया कि 1-2 दिसंबर 2025 की दरमियानी रात को वन परिक्षेत्र सलेहा को मुखबिर से सूचना मिली। वन परिक्षेत्र अधिकारी जीतू सिंह बघेल के निर्देश पर गश्ती दल ने ग्राम बंडोरा के पास कार्रवाई शुरू की। कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को भागते हुए देखा गया, जिनमें से एक को पकड़ लिया गया। आरोपी और बरामद सामग्री पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर अवैध तरीके से सांभर का शिकार किया था। वन विभाग ने मौके से कच्चा मांस, लकड़ी की खूंटी और बिजली के तार से जुड़ा बांस जब्त किया। फरार साथियों की तलाश जारी आरोपी राहुल बाल्मीकि को आगे की जांच और साक्ष्य संकलन के लिए वन परिक्षेत्र सलेहा कार्यालय लाया गया। वन विभाग अब फरार चल रहे दो अन्य साथियों की तलाश में सघन अभियान चला रहा है। कार्रवाई में इनका रहा योगदान इस कार्रवाई में वनपाल देवेंद्र गिरी गोस्वामी, दिलीप सिंह, प्रीतमलाल दहायत, इंद्रकुमार वर्मा, मनोज कुमार चौरसिया, मथुरा प्रसाद रैकवार, उमाशंकर पाल, रविंद्र सिंह बागरी, महेंद्र कुमार अग्रहरि, विनय मिश्रा, ज्ञानप्रकाश सिंह आरख, प्रीति दुबे और दीपिका डेहरिया सहित सुरक्षा श्रमिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


