पन्ना में दलित परिवार पर हमला, 5 लोग घायल:चुनावी रंजिश में लाठियों से मारपीट; आरोपी फरार, मामला दर्ज

पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र के ग्राम कुपना में चुनावी रंजिश के चलते एक दलित परिवार पर लाठियों से हमला किया गया। इस घटना में परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए, जिन्हें डायल 112 की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। घायल बेटालाल कोरी (58) ने पुलिस को बताया कि उन्होंने वर्ष 2013 में सरपंच का चुनाव जीता था। इसके बाद से गांव के गुलाब सिंह लोधी, बालकेश लोधी और मुन्ना लोधी से उनकी पुरानी चुनावी रंजिश चल रही है। घटना उस समय हुई जब गांव में एक पड़ोसी के यहां ‘बरहों’ का कार्यक्रम चल रहा था। आरोप है कि आरोपी बेटालाल के घर के सामने पहुंचे और जातिसूचक गालियां देते हुए उन्हें घर के अंदर जाने को कहा। जब बेटालाल ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर लाठियों से हमला कर दिया। बेटालाल पर हमला होते देख उनके बेटे काशीराम (23) और बेटी पप्पी बाई (24) उन्हें बचाने दौड़े। आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे पप्पी बाई के सिर में गंभीर चोट आई है। बीच-बचाव करने आईं बेटालाल की पत्नी विमला बाई कोरी (45) और छोटी बेटी पूजा कोरी (16) को भी चोटें लगीं। मोहल्ले के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी “आज तो बच गए, अगली बार जान से खत्म कर देंगे” की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार की रिपोर्ट पर पवई थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी मिली है कि इस मारपीट के दौरान दूसरे पक्ष के मुन्ना लोधी को भी सिर में चोट लगी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *