पन्ना जिले में पानी को लेकर हुए विवाद में खूनी संघर्ष हो गया। एक भतीजे, उसकी पत्नी और बेटे ने मिलकर अपने चाचा और चाची को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पन्ना रेफर किया गया है। यह घटना झिरिया गांव में हुई। घायल जयपाल पटेल (52 वर्ष) के पुत्र प्रदीप पटेल ने बताया कि उनके पिता घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे पानी बहा रहे थे, जिस पर जयपाल पटेल ने उन्हें रोका। इसके बाद उनके रिश्ते के भतीजे राज गणेश, उसकी पत्नी अशोक रानी और पुत्र वीरू वहां आ गए और विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों ने मिलकर जयपाल पटेल को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। जब जयपाल की पत्नी हल्की बाई (50 वर्ष) अपने पति की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचीं, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस हमले में दोनों पति-पत्नी लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत करवाया। घटना की जानकारी मिलने पर पुत्र प्रदीप पटेल ने तत्काल डायल 112 को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवेन्द्र नगर पहुंचाया। देवेन्द्र नगर में प्राथमिक उपचार के बाद, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय पन्ना रेफर कर दिया गया। जयपाल पटेल के सिर, सीने और गले में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि हल्की बाई के सिर में चोट लगी है। फिलहाल, दोनों का उपचार जिला चिकित्सालय पन्ना में जारी है।


