पन्ना में युवक चलती बस से कूदा:सोशल मीडिया रील बनाने के लिए जान दांव पर लगाई

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में सोशल मीडिया रील बनाने के जुनून में एक युवक ने चलती बस से छलांग लगा दी। यह घटना शनिवार शाम पन्ना बस स्टैंड पर हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। युवक की पहचान दिलीप पटेल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दिलीप पटेल सिल्वर बस सर्विस की एक बस में फिल्मी गाने पर डांस करते हुए रील बना रहा था। बस लगातार चल रही थी और युवक स्टंट दिखा रहा था। स्टंट के दौरान ही उसने अचानक चलती बस से नीचे छलांग लगा दी। गनीमत रही कि गिरने के बाद युवक बस के पहियों की चपेट में नहीं आया और उसे गंभीर चोटें नहीं आईं। बस में बैठे यात्री और बस स्टैंड पर मौजूद भीड़ इस घटना को देखती रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि पन्ना बस स्टैंड पर युवा अक्सर वायरल होने की होड़ में ट्रैफिक नियमों और अपनी सुरक्षा को ताक पर रखकर ऐसे स्टंट करते हैं। इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे स्टंट करने वालों पर लगाम कसने और प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और परिवहन विभाग से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *