पन्ना में वाहन की टक्कर से तेंदुआ शावक की मौत:मड़ला परिक्षेत्र में ‘हिट एंड रन’ का मामला, टाइगर रिजर्व टीम कर रही है जांच

पन्ना टाइगर रिजर्व के मड़ला परिक्षेत्र में शनिवार, 7 फरवरी को एक तेंदुआ शावक की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर पन्ना-छतरपुर मार्ग अंतर्गत मनोर के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से यह घटना हुई। वन विभाग ने इसे ‘हिट एंड रन’ का मामला मानते हुए अज्ञात वाहन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, तेंदुआ शावक का शव मड़ला परिक्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे राजस्व क्षेत्र में बरामद किया गया। अधिकारियों ने शरीर पर मौजूद चोटों और मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर अनुमान लगाया है कि दुर्घटना सुबह 10:30 से 11:00 बजे के बीच हुई थी। वन विभाग ने इस मामले में अज्ञात वाहन और उसके चालक के विरुद्ध वन अपराध दर्ज किया है। संदिग्ध वाहन की पहचान के लिए राजमार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस विभाग की साइबर सेल भी तकनीकी साक्ष्य जुटाने में सहयोग कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि टाइगर रिजर्व के बफर और राजस्व क्षेत्रों से गुजरने वाले राजमार्ग वन्यजीवों के लिए खतरा बन रहे हैं। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वे जल्द ही अपराधी का पता लगा लेंगे। साथ ही, क्षेत्र में वाहनों की गति सीमा को लेकर और सख्ती बरती जा सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *