पन्ना में शख्स पर भालू का हमला, सिर में चोट:जलाऊ लकड़ी लेने गया था, जिला अस्पताल में भर्ती

पन्ना जिले के सकुंटी पिपरिया गांव में मंगलवार 9 दिसंबर की शाम जलाऊ लकड़ी लेने गए 55 वर्षीय किशोर सिंह गौड पर भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, किशोर सिंह कल्दा रेंज की अमरई बीट में जलाऊ लकड़ी लेने गए थे, तभी बच्चों के साथ घूम रहे एक भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया। जंगल से चीख-पुकार सुनकर उनके भाई चुन्नू सिंह गौड़ मौके पर पहुंचे और घायल किशोर सिंह को घर लेकर आए। परिजनों ने तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी। शख्स को सिर में लगी गंभीर चोट सूचना मिलते ही वन अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए कल्दा अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक इलाज के बाद, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सलेहा अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट पाए जाने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही को लेकर डर का माहौल है। दक्षिण पन्ना वनमंडल अधिकारी अनुपम शर्मा ने अधीनस्थ अमले को घायल व्यक्ति को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता भी प्रदान की। वनमंडल अधिकारी अनुपम शर्मा ने वन क्षेत्र में लघु वनोपज एकत्रित करते समय सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग हमेशा 3-4 के समूह में रहें और आवाज करते हुए चलें ताकि जंगली प्राणियों को मानव उपस्थिति का आभास हो सके। भालू या उसके शावकों के निकट जाने से बचें और सामना होने पर भागने की बजाय धीरे-धीरे पीछे हटें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *