कलेक्टर ने शिवपुरी जिला अस्पताल का किया निरीक्षण:मेटरनिटी वार्ड में सुधार और आयुष्मान मरीजों को सीधे भर्ती करने के निर्देश

शिवपुरी जिला अस्पताल शिवपुरी में मंगलवार को कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी ने अचानक निरीक्षण किया। उन्होंने एसएनसीयू यूनिट, मेटरनिटी वार्ड, डायलिसिस यूनिट, गायनिक ओपीडी और अन्य विभागों की व्यवस्था देखी। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. यादव, तहसीलदार सहित स्वास्थ्य स्टाफ मौजूद रहा। कलेक्टर ने अस्पताल की सेवाओं को और बेहतर करने के लिए कई अहम निर्देश दिए। मेटरनिटी वार्ड में उन्होंने मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के लिए बैठने की व्यवस्था सुधारने को कहा। साथ ही मरीजों के पास केवल एक ही अटेंडेंट रहने की अनुमति देने और अटेंडेंट पास सिस्टम को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में भीड़ और अव्यवस्था रोकने के लिए वाहन आवाजाही पर नियंत्रण रखने और खुले स्थानों पर चंपा के पेड़ लगाने को कहा। डायलिसिस यूनिट में स्टाफ और संसाधनों की कमी को देखते हुए कलेक्टर ने 24×7 सेवा सुचारू रखने के लिए मानव संसाधन और मशीनों की पूर्ति हेतु वरिष्ठ कार्यालय को पत्र भेजने के निर्देश दिए। आयुष्मान कक्ष में उन्होंने साफ कहा कि पात्र आयुष्मान कार्डधारकों को सीधे वार्ड में भर्ती किया जाए। कलेक्टर ने डीएनबी/एनबीई और पीजी डिप्लोमा छात्रों के लिए लाइब्रेरी की व्यवस्था सुनिश्चित करने, पीडियाट्रिक ओपीडी को विस्तारित करने, शिशु रोग आपात सेवाओं को मजबूत करने और पीआईसीयू में बढ़ते मरीजों के लिए अतिरिक्त ऑक्सीजन पैनल लगाने के निर्देश भी दिए। साथ ही अस्पताल के वार्डों में शुद्ध पेयजल स्रोत स्थापित करने और अनुपयोगी डीजी सेट की अपलेखन प्रक्रिया को तेज करने पर भी जोर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *