पन्ना जिले के पवई वन परिक्षेत्र की हथकुरी बीट में पक्षियों की गिनती कर रही वन विभाग की टीम ने शिकार की फिराक में बैठे एक व्यक्ति को रंगे हाथों दबोचा है। आरोपी के पास से शिकार के औजार और जंगली जानवर का कच्चा मांस मिला है। वन परिक्षेत्र अधिकारी नीतेश पटेल अपनी टीम के साथ हथकुरी बीट में पक्षियों की गणना कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक खेत में बनी झोपड़ी के पास संदिग्ध गतिविधियां दिखीं। टीम ने देखा कि वहां जंगली जानवरों को फंसाने के लिए क्लच वायर के फंदे बिछाए गए थे। वन विभाग की टीम ने तुरंत घेराबंदी कर झोपड़ी के मालिक भाई लाल आदिवासी (68 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में कबूला जुर्म शुरुआत में आरोपी ने टीम को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि ये फंदे शिकार के लिए लगाए गए थे। टीम ने मौके से चार क्लच वायर के फंदे, एक भाला और कच्चा मांस बरामद किया है। आरोपी को भेजा गया जेल वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। सोमवार, 5 जनवरी को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वन परिक्षेत्र अधिकारी नीतेश पटेल ने स्पष्ट किया कि वन्य प्राणियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और शिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


