जनवरी के पहले गुरुवार को पंचायत समिति मनोहरथाना की ग्राम पंचायत बनेठ में ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई की। त्रिस्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत जनसुनवाई की अध्यक्षता कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने की। जिसमें परवन नदी के तट पर बने तीन एनिकट की मरम्मत की मांग उठी। जिसके लिए कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आमजन की विभिन्न विभागों से संबंधित करीब 32 शिकायतों को सुनते हुए अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया। शेष प्रकरणों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के ब्लॉक स्तरीय एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम सूलिया जागीर के गवर्नमेंट स्कूल के खेल मैदान पर अतिक्रमण की शिकायत पर कलेक्टर ने पंचायत समिति के सहायक अभियंता को मौके से अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त परवन नदी पर बने तीन एनिकटों की दोनों साइड से मरम्मत करवाने की मांग पर जल संसाधन विभाग के अधिकारी को मरम्मत कार्य का शीघ्र प्रस्ताव तैयार करवाकर भिजवाने के निर्देश दिए। साथ ही समरोल में माइक्रोडेम से पत्थर निकालकर अन्य दूसरे निर्माण कार्य में काम लेने की शिकायत पर संबंधित ठेकेदार के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करवाकर ब्लैक लिस्टेड करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान ग्राम सेहतखेड़ी में 11 केवी लाइन को सही करवाने, कृषि कनेक्शन नहीं मिलने, बिजली बिल ज्यादा आने, ट्रांसफार्मर शिफ्ट करवाने, जल जीवन मिशन के तहत खजूरी गांव में नल कनेक्शन नहीं मिलने, राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल कुण्डाखेड़ा में ट्यूबवेल खुदवाने अथवा नल कनेक्शन करवाने, दो साल से पेंशन नहीं मिलने, पीएम आवास योजना, खाद्य सुरक्षा योजना एवं जॉब कार्ड में नाम जुड़वाने, समरोल में कच्ची सड़क होने पर गंदगी व कीचड़ की शिकायत, शुभशक्ति योजना में लाभ नहीं मिलने सहित विभिन्न प्रकार के प्रकरण प्राप्त हुए। जनसुनवाई में पंचायत समिति मनोहरथाना की प्रधान रामकन्या बाई, स्थानीय सरपंच सीना लोधा, तहसीलदार रामचन्द्र गुर्जर, पंचायत समिति सहायक अभियंता रंगलाल मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


