दौसा जिले के गीजगढ़ कस्बे से शुक्रवार को लापता हुए 11वीं क्लास के छात्र को पुलिस ने जयपुर से डिटेन कर लिया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि छात्र का किसी ने किडनैप नहीं किया था। वह पढ़ाई नहीं करने पर पिता की डांट से नाराज होकर अकेला ही जयपुर पहुंच गया। जिसे पुलिस ने जेके लॉन अस्पताल के पास से दस्तयाब कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। गुस्साई भीड़ ने लगाया था जाम दरअसल, 17 साल का छात्र शुक्रवार सुबह घर से स्कूल के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इस पर परिजनों ने उसे इधर-उधर तलाश किया तो सुराग नहीं लगने पर पुलिस चौकी पहुंचकर किडनैप की आशंका जताई। जहां बीती देर रात तक बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने गीजगढ़ कस्बे में अलवर-गंगापुर मेगा हाईवे पर जाम लगा दिया। लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्र को जल्द बरामद करने की मांग की। सिकंदरा थाना प्रभारी अशोक चौधरी ने मौके पर पहुंच घटनाक्रम की जानकारी ली। जिसके बाद साइबर सेल और तकनीकी संसाधनों से इनपुट जुटाकर छात्र की तलाश शुरू की। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने बच्चे को जयपुर से दस्तयाब कर लिया। जयपुर पहुंची सिकंदरा पुलिस छात्र को दस्तयाब कर लाने में एएसआई तेजसिंह व दो कांस्टेबलों की अहम भूमिका रही है। पूछताछ में सामने आया कि पढ़ाई को लेकर माता पिता ने छात्र को डांट लगाई थी। जिससे नाराज होकर वह घर से बैग लेकर सिकंदरा आ गया तथा प्राइवेट बस से जयपुर पहुंच गया। वहां ढाबे पर खाना खाने के बाद किसी दोस्त के पास जाने का प्लान था। लेकिन दोस्त का फोन स्विच ऑफ हो जाने के बाद छात्र वहां नहीं पहुंच पाया। पुलिस जांच में पता लगा कि छात्र के पास मोबाइल है, जिसकी लोकेशन के आधार पर पुलिस रात को जयपुर पहुंची और छात्र को दस्तयाब किया।


