सिटी रिपोर्टर | बोकारो शुक्रवार को जिला परिषद की सामान्य बैठक अध्यक्ष सुनीता देवी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले के समग्र विकास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। जिला परिषद की बैठक 348 दिनों के बाद हुई। इसको लेकर सदस्यों ने नाराजगी प्रकट किया। सदस्यों ने कहा कि इसके पूर्व 10 जनवरी 2025 को बैठक हुई थी। इसके बाद अभी हो रही है। डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने सभी सदस्यों को कहा कि अगली बैठक तीन माह में ससमय किया जाएगा। इधर 348 दिन के बाद पूर्व में हुई बैठक का प्रोसिडिंग का जबाब दिया गया। सदस्यों ने कहा कि इतना दिन हो गया है कि मुद्दे भी याद नहीं है। कसमार प्रखंड की सुपरवाइजर ने एक योजना को पूर्ण बताते हुए रिपोर्ट जमा कर दिया था। इसकी शिकायत हुई, जिस पर डीडीसी ने सुपरवाइजर को शोकॉज करने का निर्देश दिया। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, ग्रामीण विकास, सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति, कृषि, अनाज वितरण , आंगनबाड़ी केंद्र, आपूर्ति विभाग, पैक्स का मामला, बंद स्वास्थ्य केंद्र, कंबल वितरण, नल जल योजना तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सदन के समक्ष रखा गया, जिस पर संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। अध्यक्ष सुनीता देवी ने कहा कि पंचायत स्तर तक विकास योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं योजनाओं को गुणवत्ता के साथ धरातल पर उतारने का निर्देश दिया। बेरमो प्रमुख गिरिजा देवी ने बेरमो प्रखंड की समस्याओं को रखा। बैठक में डीपीएलआर निदेशक मेनका, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।


