बोकारो | डीपीएस बोकारो में शुक्रवार को 25 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद वर्ष 2000 बैच के पूर्ववर्ती विद्यार्थियों के रजत जयंती मिलन समारोह मनाया गया। ढाई दशक पहले के वे विद्यार्थी, जो आज समाज के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिष्ठित और सफल व्यक्तित्व बन चुके हैं, जब एक-दूसरे से मिले तो स्कूल की क्लासरूम से लेकर खेल के मैदान तक की हर स्मृति जीवंत हो उठी। देश के कोने-कोने से पहुंचे इन पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर पुरानी यादें साझा कीं। कोई परिवार की बातें कर रहा था, तो कोई स्कूल के उन सुनहरे दिनों के किस्से दोहरा रहा था। सेल्फी और तस्वीरों के जरिए हर कोई इन अनमोल क्षणों को अपने फोन और दिल में हमेशा के लिए सहेज लेना चाहता था। उन्होंने स्कूल परिसर घूम-घूमकर भी अपने यादें तरोताजा कीं। उन्होंने अपने उस समय के केमिस्ट्री टीचर और वर्तमान प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार सहित उपस्थित सभी पुराने शिक्षकों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिए। शिक्षकों को बाल-पौध, स्मृति चिह्न और शॉल भेंटकर अलंकृत किया गया।


