भास्कर न्यूज | दुर्गूकोंदल आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत 10वीं, 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारी को सुदृढ़ करने व उन्हें मानसिक रूप से तनावमुक्त रखने के उद्देश्य से मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला तनाव मुक्त रहेगा बच्चा तो खुशी-खुशी देगा परीक्षा थीम पर हुई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाना और परीक्षा से जुड़ी आशंकाओं को दूर करना रहा। यह आयोजन नवीन हाई सेकंडरी विद्यालय मर्रामपानी व उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोहत्तर में हुआ। इसमें विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षा की प्रभावी तैयारी के लिए तनावमुक्त अध्ययन की तकनीकों, प्रश्नपत्र ब्लूप्रिंट आधारित प्रश्नों के सरलीकरण, समय प्रबंधन, स्वास्थ्य संतुलन व विषयगत कठिनाइयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि नियमित अध्ययन, सही रणनीति और सकारात्मक सोच से परीक्षा के दबाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इस अवसर पर शिक्षकों के लिए भी एक रेमेडियल (उपचारात्मक) कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों की काउंसिलिंग, सीखने की कमियों को दूर करने और व्यक्तिगत मार्गदर्शन की रणनीतियों पर चर्चा हुई। सहायक खंड शिक्षा अधिकारी अंजनी मंडावी, आकांक्षी ब्लॉक फेलो प्रीति गंजीर ने शिक्षकों को बताया कि नियमित फीडबैक, सकारात्मक संवाद और विद्यार्थी–केंद्रित शिक्षण पद्धति से परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय सुधार संभव है। कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक की सक्रिय उपस्थिति रही।


