रांची| रिम्स डेंटल इंस्टीट्यूट के छात्र अनिमेष सौरव की शिकायत पर मंगलवार और बुधवार को डीन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में डेंटल इंस्टीट्यूट के प्रभारी प्राचार्य, उप-डीन, डॉ. ओम प्रकाश तथा पीएसएम विभाग के सह-प्राध्यापक डॉ. अनित कुजूर उपस्थित थे। समिति ने निर्णय लिया कि छात्रों की शिकायत पर आगे की कार्रवाई रांची विश्वविद्यालय के कुलपति से परामर्श के बाद ही की जाएगी। छात्रों को यह भी अवगत कराया गया कि परीक्षा संबंधी शिकायत डीन (एकेडमिक) को ही प्रस्तुत करनी होती है तथा ग्रिवांस आवेदन सीधे विश्वविद्यालय में निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्वीकार किए जाते हैं।शिकायत की गंभीरता को देखते हुए समिति ने छात्र एवं उसके अभिभावकों से भी अलग बैठक कर सभी तथ्यों की जानकारी दी और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। रांची विश्वविद्यालय की टीआर कॉपी के अनुसार छात्रों को थ्योरी में 25/70, इंटर्नल 8/10, विवा 14/20 तथा प्रैक्टिकल में 65/100 अंक प्राप्त हुए हैं। समिति ने स्पष्ट किया कि थ्योरी में प्रदर्शन कमजोर रहने के बावजूद छात्र डीसीआई नियमों के तहत थर्ड ईयर के लिए योग्य है। उसे आगामी माह में आयोजित होने वाली सेकंड ईयर की परीक्षा में बैठने की सलाह दी गई है।


