नई दिल्ली के लिए जाने वाली शान-ए-पंजाब (12497/98) ट्रेन का एसएलआर कोच (गार्ड कोच) रविवार को भी बिना एसी चले ही अमृतसर रेलवे स्टेशन से रवाना हुआ। उक्त ट्रेन के कोच में पिछले 25 दिन से एसी नहीं चल रहा है, जिसके चलते रोजाना गार्ड को भरी गर्मी में अपने कोच का गेट खोलकर इसमें सफर करना पड़ रहा है। रविवार को भी अमृतसर से जब यह ट्रेन रवाना हुई तो इस ट्रेन को अमृतसर से नई दिल्ली के लिए लेकर जाने वाले गार्ड को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। रविवार को यह ट्रेन 3.10 बजे अमृतसर से रवाना होने लगी तो गार्ड महेंद्र कुमार शर्मा भी इस ट्रेन को हरी झंडी देने वाले थे कि उन्होंने देखा कि उनके कोच का एसी नहीं चल रहा है। इसकी शिकायत उन्होंने एसी विभाग में की तो उन्हें कोई सही जवाब नहीं मिला। करीब आधे घंटे तक इसी बात को लेकर उनकी एसी विभाग के कर्मचारियों के साथ बहसबाजी होती रही, लेकिन उसका हल कोई नहीं निकला। गार्ड महिंदर कुमार शर्मा का कहना था कि पिछले करीब 25 दिन से इस कोच के एसी का यही हाल है। उनका कहना था कि उन्हें अपने कोच के दरवाजे खोलकर ट्रेन को चलाना पड़ा है, जोकि किसी खतरे से खाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने एसएसई बरिंदर कुमार से इस बाबत बात की तो उनका रवैया भी ठीक नहीं था। एसएसई बरिंदर कुमार से जब इस बाबत बात की गई तो उनका कहना था कि उनकी शिकायत मिलते ही उन्होंने कर्मचारी को वहां भेज दिया था। इस समय गर्मी बहुत है तो एसी कूलिंग कम कर रहा था। उन्होंने कहा कि जब ट्रेन रवाना हुई तो एसी चल रहा था।


