सज्जनगढ़ सेंचुरी में विकसित लायन सफारी नए साल से पर्यटकों के लिए खुलने को तैयार है। वन विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चीफ वाइल्ड लाइफ वॉर्डन के प्रतिनिधियों ने 2 दिसंबर को सफारी का निरीक्षण किया था। टीम ने एंट्री पर स्लाइडिंग गेट लगाने और बारिश के पानी की निकासी के लिए ड्रेनेज सिस्टम बनाने का सुझाव दिया था। जयपुर मुख्यालय की सिक्योरिटी ऑडिट क्लियरेंस मिलते ही शेरों को उद्घाटन से लगभग एक सप्ताह पहले एनक्लोजर में छोड़ा जाएगा। इसके बाद 15 दिन तक रोजाना रेस्क्यू वाहन एन्क्लोजर में भेजा जाएगा, जिसमें शेरों के व्यवहार और आक्रामकता का आकलन होगा। इन परीक्षणों के बाद ही पर्यटक वाहनों की सफारी में एंट्री शुरू की जाएगी। प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर 10 से 25 दिसंबर तक आयोजित कार्यक्रमों में लायन सफारी, रेप्टाइल सेक्शन और सायरा स्थित लवकुश वाटिका के उद्घाटन को भी शामिल किया गया है। हालांकि जयपुर मुख्यालय से उद्घाटन का समय अभी तय नहीं हुआ है। मंगलवार को जयपुर स्थित वन भवन में जिलेवार प्रोजेक्ट्स को लेकर समीक्षा बैठक भी हुई। चार ग्रीन कलर की फुली-पैक्ड सफारी गाड़ियां तैयार
वन विभाग ने सफारी के लिए 4 ग्रीन कलर की फुली-पैक्ड गाड़ियां तैयार की हैं। यह जिले की दूसरी सफारी होगी। इससे पहले जयसमंद सेंचुरी में दो वर्ष से लेपर्ड सफारी संचालित है। पिछले वर्ष एनीमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत जूनागढ़ के शक्करबाग चिड़ियाघर से एशियाटिक लॉयन का जोड़ा 8 वर्षीय सम्राट और 4 वर्षीय सुनैना लाया गया था।


