राजनांदगांव| इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर का आयोजन नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम, प्रगति मैदान में किया जा रहा है। जिसमें इस वर्ष छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड सक्रिय रूप से सहभागिता कर रहा है। इस मंच के माध्यम से छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थल, समृद्ध संस्कृति और राज्य में विकसित हो रही नई पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा विशेष रूप से शामिल होंगे और राज्य की पर्यटन नीति, निवेश अवसरों एवं भविष्य की विकास योजनाओं पर जानकारी साझा करेंगे। कार्यक्रम के तहत 24 नवंबर को “स्टेट डे’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, लोकनृत्य और पर्यटन विशेष आकर्षण रहेंगे। वहीं 25 नवंबर को होटल द ललित, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड द्वारा विशेष रोड शो आयोजित किया जाएगा। जिसमें टूर ऑपरेटर्स, स्टेकहोल्डर्स और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के प्रतिनिधियों को राज्य में पर्यटन निवेश और सहयोग के अवसरों से अवगत कराया जाएगा।


