पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार बोले:खेलगांव को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के अनुरूप करें विकसित

राज्य के खेल, युवा कार्य, कला-संस्कृति और पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने गुरुवार को रांची में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और खिलाड़ियों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा के लिए विभिन्न खेल स्थलों का दौरा किया। मंत्री ने खेलगांव परिसर स्थित एथलेटिक्स स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम और बैडमिंटन स्टेडियम का निरीक्षण किया और झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रोमोशन सोसाइटी के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। मंत्री ने निर्देश दिया कि झारखंड सरकार और सीसीएल के बीच हुए एमओयू के अनुरूप खेलगांव परिसर के जीर्णोद्धार और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण व विकास से संबंधित सभी कार्य तेजी से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि खेलगांव को इस रूप में विकसित किया जाए कि यह भविष्य में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए पूरी तरह सक्षम हो। सैफ एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 की तैयारियों को जाना मंत्री ने मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम का निरीक्षण कर सैफ एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 की तैयारी को जाना। निर्देश दिया कि आयोजन से पूर्व स्टेडियम की सभी आधारभूत संरचनाओं व सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने खेल विभाग को रांची जिला प्रशासन से फुटबॉल ग्राउंड का हैंडओवर शीघ्र प्राप्त कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। मंत्री ने मोरहाबादी इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में दिए गए निर्देशों पर कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *