माउंट आबू-आबू रोड मार्ग पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार बेकाबू बस पलट गई। हादसे का वीडियो सोमवार को सामने आया है। बस डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलटी, जिससे वह करीब 150 फीट गहरी खाई में गिरने से बच गई। इस दुर्घटना में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 20 से 25 अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जानकारी के अनुसार, यह घटना तब हुई जब बस माउंट आबू से आबू रोड की ओर आ रही थी। तेज गति के कारण बस अचानक बेकाबू हो गई और सुरक्षा दीवार से टकरा गई। ड्राइवर ने बस को काबू करने का प्रयास किया, लेकिन वह पूरी तरह से बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई। यह पूरा हादसा एक कार में सवार युवक ने अपने परिवार के साथ रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि बस डिवाइडर से टकराने के बाद लहराती हुई एक कार के पास से गुजरी और फिर सड़क पर पलट गई। गनीमत रही कि कार बस के पलटने से ठीक पहले आगे निकल गई। यदि बस कार के ऊपर पलट जाती, तो कार में सवार पांच लोगों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था। इसी तरह, यदि बस डिवाइडर पार कर गहरी खाई में गिर जाती, तो यह एक और भी बड़ा और गंभीर हादसा हो सकता था। डिवाइडर की मौजूदगी ने एक बड़े जानमाल के नुकसान को टाल दिया।


