राजा मेदिनीराय द्वारा बनाए गए पलामू किले का 50 करोड़ रुपए से जीर्णोद्धार किया जाएगा। साथ ही बेतला में 300 एकड़ में टाइगर सफारी बनाई जाएगी। इसके लिए स्थान चिंहित कर लिया गया है। राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने संबंधित अधिकारियों को 2027 तक दोनों योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया। इस बाबत दोनों मंत्रियों ने शनिवार को वन एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अबू बकर सिद्दीकी, पर्यटन सचिव मनोज कुमार, निदेशक संस्कृति आसिफ एकराम, प्रबंध निदेशक झारखंड राज्य वन निगम वाईके दास एवं निदेशक पलामू व्याघ्र परियोजना एसआर नाटेश के साथ बैठक की। बैठक में कहा गया कि पलामू किला के जीर्णोद्धार को लेकर इंडियन ट्रस्ट फॉर रूरल हेरिटेज एंड डेवलपमेंट द्वारा तैयार डीपीआर की बीसीडी के जरिए सत्यापन कराया जाएगा। फिर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अंतर्गत एजेंसियों से पुनरीक्षण कराकर टेंडर आमंत्रित किया जाएगा। पलामू किला के संरक्षण-जीर्णोद्धार पर अनुमानित 40-50 करोड़ रुपए खर्च होने की संभावना है। मंत्री सुदिव्य ने बताया कि बेतला के समीप टाइगर सफारी के निर्माण पर मुख्यमंत्री से संवैधानिक सहमति मिल गई है। पलामू टाइगर प्रोजेक्ट के अंतर्गत बेतला के समीप टाइगर सफारी योजना के लिए 300 एकड़ जमीन चिह्नित कर ली गई है। इसके निर्माण पर करीब 215 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पलामू किला और टाइगर प्रोजेक्ट दोनों झारखंड का एक ड्रीम प्रोजेक्ट है।


