पलामू के पाटन थाना क्षेत्र के बरसैता गांव में शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में 25 वर्षीय प्रीति देवी की मौत हो गई। वह सुनील पासवान की पत्नी थी। देर रात उसका शव कमरे में मिला। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि पति ने तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या की। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। एसआई जितेंद्र यादव ने बताया कि महिला के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं मिला है, मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा। पति ने कर ली है दूसरी शादी, चल रहा था विवाद प्रीति देवी की शादी वर्ष 2018 में सुनील पासवान से हुई थी। परिवार वालों का कहना है कि करीब एक साल पहले सुनील ने मेदिनीनगर में रहने वाली एक युवती से दूसरी शादी कर ली थी। इस वजह से दंपती के बीच अक्सर विवाद होता था। मामला थाने तक भी पहुंचा था। वर्तमान में सुनील अपनी दूसरी पत्नी के साथ मेदिनीनगर में रह रहा था। परिजनों का आरोप है कि सुनील ने अपनी प्रेमिका के कहने पर ही प्रीति की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि सुनील की मां भी बेटे की दूसरी शादी से खुश नहीं थी। दशहरा पर मां-बेटी से लिए थे रुपए मायके वालों ने यह भी बताया कि हाल ही में दशहरा के दौरान सुनील अपनी पत्नी प्रीति से मइयां सम्मान योजना के तहत मिले दो हजार रुपए और अपनी मां से समूह की किस्त चुकाने के नाम पर चार हजार रुपए लेकर गया था। घटना की रात प्रीति अपनी दो मासूम बच्चियों (4 और 3 साल) के साथ खाना खाकर सोई थी। आधी रात को गांव के लोगों ने घर से शोरगुल की आवाज सुनी। पड़ोसी जब पहुंचे तो प्रीति मृत अवस्था में पड़ी थी। कपड़े बदलने पर उठे सवाल, साक्ष्य छिपाने की आशंका मृतका के परिजनों ने साक्ष्य छिपाने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि रात करीब 11 बजे प्रीति ने अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर दूसरी रंग का सूट पहने फोटो डाली थी। लेकिन शव मिलने पर उसके कपड़े बदले हुए थे। इससे साफ है कि साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसआई जितेंद्र यादव, एएसआई धर्मेंद्र सिंह और एएसआई विष्णु कुजूर मौके पर पहुंचे और पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। अब रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।


