पलामू में हरिहरगंज थाना से मात्र डेढ़ किलोमीटर दूर वैद्यविगहा में चल रही अवैध शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने मौके से दो हजार खाली बोतल, चार हजार रैपर और बड़ी मात्रा में ढक्कन बरामद किया है। थाना प्रभारी चंदन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि वैद्यविगहा में राजा साव के घर पर नकली शराब फैक्ट्री चल रही है। एसआई धन्नजय गोप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी राजा साव मौके से फरार हो गया। पहले भी जा चुका है जेल छापेमारी में 375 एमएल की 18 बोतल शराब भी बरामद हुई है। थाना प्रभारी के अनुसार, राजा साव पर पहले भी नकली शराब बनाने का मामला दर्ज है। वह जेल भी जा चुका है। इसके बावजूद वह अवैध शराब का कारोबार कर रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।


